रांची: झारखंड पुलिस के लिए गौरव की खबर है। वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए राज्य के 28 पुलिस अधिकारियों और जवानों का चयन किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों से लेकर सिपाही स्तर तक के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। सभी का चयन विशेष अभियानों में उत्कृष्ट, साहसिक और उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, चयनित पुलिसकर्मियों ने 22 जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच राज्य के विभिन्न चुनौतीपूर्ण इलाकों में संचालित विशेष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन अभियानों के दौरान उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, साहस और कार्यकुशलता का परिचय दिया।

आईजी, डीआईजी से लेकर सिपाही तक शामिल

सम्मानित होने वाले अधिकारियों में एसटीएफ (झारखंड जगुआर) के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार, डीएसपी ज्ञान रंजन और डीएसपी चंदन कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा इंस्पेक्टर रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह को भी पदक के लिए चुना गया है। सब-इंस्पेक्टर स्तर पर अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा और दीनबंधु हांसदा को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, सहायक अवर निरीक्षक लोहरा मुंडा और माधव लाल टोप्पो के साथ हवलदार जालिंद्र साहू तथा आरक्षी ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो और फिरदौस अंसारी भी चयनित सूची में शामिल हैं।

झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि

झारखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में विशेष अभियान चलाना पुलिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में राज्य के 28 अधिकारियों और जवानों का राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चयन होना पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस सम्मान से विशेष अभियानों में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ेगा और राज्य पुलिस बल के अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

झारखंड की ताज़ा खबरें