मांडर: टांगरबसली पंचायत में मनरेगा ग्रुप की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। फाइनल मैच के साथ आयोजित नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए। खचाखच भरे मैदान में दर्शकों ने खेल के साथ-साथ नागपुरी गीत-संगीत का भी जमकर आनंद लिया।

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इमरोज महताब सोहेल इलेवन ने प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। टीम को 10,000 रुपये नकद, खस्सी और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं विजय टाइगर ज्योति डीजे नारो को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5,000 रुपये, खस्सी और ट्रॉफी दी गई।

बशीला एफसी ने तीसरा स्थान हासिल किया, जिसे 1,000 रुपये, खस्सी और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब कनभीठा को चौथे स्थान के लिए 1,000 रुपये, खस्सी और ट्रॉफी प्रदान की गई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मांडर प्रमुख फिलिप सहाय एक्का मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में टांगरबसली मुखिया तुलसी उरांव, युवा अध्यक्ष आजाद अंसारी, उप मुखिया बंधु टोप्पो और विनोद खलखो उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजन अध्यक्ष इमरान हाशमी ने की।

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार सोनी कुमारी और सयुप अब्बास की टीम ने गीत-संगीत की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति पर पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा और दर्शक झूमते नजर आए।

इस मौके पर मुख्य अतिथि फिलिप सहाय एक्का ने कहा कि खेल के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजन कमेटी की ओर से खिलाड़ियों, अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।