पाकुड़ के होटल में मालदा के जिप सदस्यों को ले जाने पहुंची बंगाल पुलिस, जमकर हुआ हंगामा
पाकुड़: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के 26 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के साथ पाकुड़ के एक होटल में ठहरे हुए हैं। इसी बीच मालदा पुलिस के होटल पहुंचने के बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। पुलिस इन जिला परिषद सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थी। जिला परिषद सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। उनका आरोप है कि वे अपनी मर्जी से पाकुड़ आए हैं और पुलिस उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। विरोध के दौरान पुलिस और जिला परिषद सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पाकुड़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने आरोप लगाया कि आगामी 6 अक्टूबर को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। उनका दावा है कि चुनाव से पहले पुलिस के माध्यम से जिला परिषद सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने महिला सदस्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। बताया गया है कि मालदा जिले में कुल 43 जिला परिषद सीटों में तृणमूल कांग्रेस ने 34, कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने मामले को लेकर क्या कुछ कहा, आपको सुनाते हैं।















