चाईबासा: सोनुआ के बेगुना में संचालित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुदड़ी में मलेरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच और बचाव अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को सोनुआ अस्पताल की मेडिकल टीम ने विद्यालय में शिविर लगाकर 54 छात्राओं की जांच की, जिनमें 13 छात्राएं मलेरिया पॉजिटिव पाई गईं।

बताया गया कि पॉजिटिव पाई गई 13 छात्राओं में से 10 में मलेरिया पीएफ की पुष्टि हुई। सभी संक्रमित छात्राओं को सोनुआ अस्पताल में उपचार दिया गया। इलाज के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. देवी प्रसाद हांसदा की अध्यक्षता में रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) ने विद्यालय का दौरा किया। टीम ने पहले पॉजिटिव पाई गई छात्राओं के स्वास्थ्य की दोबारा जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

इसके अलावा विद्यालय की अन्य छात्राओं की भी मलेरिया और कुष्ठ रोग से संबंधित जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।

स्वास्थ्य टीम ने छात्राओं और विद्यालय कर्मियों को मलेरिया एवं कुष्ठ रोग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं के बीच मच्छरदानी का भी वितरण किया गया।

मंगलवार को जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि सह समाजसेवी रमेश लुगुन और शिक्षाकर्मी शिव कुमार प्रधान भी विद्यालय पहुंचे। दोनों ने वार्डन और बीमार छात्राओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

स्वास्थ्य शिविर में एमपीडब्ल्यू चंदन प्रधान, एएनएम, सिनी प्रखंड समन्वयक नीरज कुमार और कुष्ठ विभाग के आजम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।