जामताड़ा: अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन एवं खनन विभाग की टीम ने मंगलवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुधपनिया में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब एक हजार घनफीट बालू जब्त किया गया। जब्त बालू को नारायणपुर थाना लाया गया।

प्रशासन को दुधपनिया में अवैध रूप से बालू भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और करीब एक हजार घनफीट बालू जब्त किया।

छापामारी दल में जामताड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, नारायणपुर अंचलाधिकारी देवराज गुप्ता, नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन और खान निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी शामिल थे।

मामले में खान निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी के बयान पर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 164/26, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में धारा 303(2)/3(5) के साथ खान एवं खनिज अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली और अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम से संबंधित प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की गई है।

फिलहाल मामले में अभियुक्त अज्ञात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध रूप से बालू का भंडारण करने वाले व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और बालू के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।