चालक को नहीं लगी आग की भनक, स्थानीय लोगों ने समय रहते वाहन रुकवाकर आग पर पाया काबू
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रही एक हाईवा में अचानक आग लग गई। समय रहते स्थानीय लोगों की नजर वाहन से उठती लपटों पर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए हाईवा को पेट्रोल पंप के अंदर जाने से रोक दिया। जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे की है। हाईवा में तकनीकी खराबी के कारण उसके पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि चालक को वाहन में आग लगने की जानकारी नहीं थी और वह उसी हालत में धीरे-धीरे पेट्रोल पंप की ओर बढ़ रहा था। पेट्रोल पंप के पास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने जब हाईवा से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने दौड़कर वाहन को पंप परिसर में प्रवेश करने से ठीक पहले रुकवाया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद लोगों ने पेट्रोल पंप परिसर में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर आग लगी हाईवा पेट्रोल पंप के अंदर पहुंच जाती और आग फैलती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पेट्रोल-डीजल के भंडारण क्षेत्र तक आग पहुंचने की स्थिति में बड़े नुकसान की आशंका थी। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण समय रहते वाहन को रोक लिया गया और आग पर काबू पा लिया गया। घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।समय रहते रोका वाहन, टला बड़ा हादसा














