मधुपुर दुर्गा पूजा रेलवे न्यू कॉलोनी 110 फीट ऊंचा पंडाल
मधुपुर: शहर में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर
पकड़ने लगी हैं। विभिन्न पूजा स्थलों पर भव्य पंडालों के निर्माण का कार्य शुरू हो
गया है। पूजा समितियां इस बार अलग-अलग थीम पर पंडाल तैयार करा रही हैं, जो दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के
लिए आकर्षण का केंद्र बनने वाले हैं। इसी
क्रम में मधुपुर शहर के रेलवे न्यू कॉलोनी स्थित जगत जननी दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष
भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। समिति के अनुसार, पंडाल का निर्माण बिहार
के बेगूसराय स्थित शक्ति दुर्गा मंदिर की तर्ज पर किया जा रहा है। इसकी ऊंचाई
करीब 110 फीट होगी। पंडाल
निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और इसे आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए
कारीगर लगातार काम में जुटे हुए हैं। विशाल पंडाल के निर्माण को लेकर स्थानीय
लोगों और पूजा समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूजा
समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी
तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को
समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। मधुपुर
शहर में दुर्गा पूजा को लेकर अन्य पूजा समितियों की तैयारियां भी धीरे-धीरे तेज हो
रही हैं। आने वाले दिनों में विभिन्न पूजा पंडालों का निर्माण कार्य और तेजी
पकड़ने की उम्मीद है।















