लातेहार  जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडारकोम गांव में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से 17 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है  जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान सुकरी कुमारी (17 वर्ष)  पिता यशोदा यादव  निवासी पिंडारकोम  थाना बालूमाथ के रूप में हुई है।

खेत से मिट्टी लाने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार  सुकरी कुमारी अपने घर के समीप स्थित खेत से मिट्टी लेने गई थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज वज्रपात हुआ। किशोरी इसकी चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।

मौके पर पहुंचे पुलिस व जनप्रतिनिधि

सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सीसीएल तेतरिया खाड़ माइनिंग क्षेत्र के आसपास पूर्व में भी वज्रपात की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

वज्रपात सुरक्षा उपकरण लगाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सीसीएल प्रबंधन से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वज्रपात सुरक्षा यंत्र (Lightning Arresters) लगाने की मांग की। साथ ही जिला प्रशासन से बरसात के मौसम में ग्रामीण इलाकों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।