लापुंग: आजादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ककरिया मंडल की ओर से ग्राम ककरिया में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने यात्रा में हिस्सा लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा ककरिया क्षेत्र देशभक्ति के माहौल में गूंज उठा।तिरंगा यात्रा में कार्यक्रम प्रभारी अनिमा लकड़ा और भाजपा के पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो प्रमुख रूप से मौजूद रहे। यात्रा का नेतृत्व प्रवासी प्रभारी नंदलाल साहू और मंडल अध्यक्ष पवन कुमार साहू ने संयुक्त रूप से किया।तिरंगा यात्रा ककरिया के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।

तिरंगा हमारे स्वाभिमान का प्रतीक: सन्नी टोप्पो

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के स्वाभिमान, आन-बान-शान और अमर बलिदानियों के त्याग का प्रतीक है।उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू सहित देश के वीर शहीदों को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने हर घर तिरंगाऔर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

युवाओं में राष्ट्रभक्ति बढ़ाना उद्देश्य: अनिमा लकड़ा

कार्यक्रम प्रभारी अनिमा लकड़ा ने कहा कि ककरिया में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि लोगों में देशभक्ति की भावना मजबूत है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करना तथा समाज में एकजुटता का संदेश देना है।उन्होंने कहा कि तिरंगे की मर्यादा को सर्वोच्च रखते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में रवींद्र साव, जयदेव साहू, अनिल कुमार साहू, कृष्णा कुमार, राजेंद्र सिंह, पवन सिंह, विश्राम प्रधान, रतन नायक, पूर्व जिला परिषद सदस्य बांदे हेरेंज, मुखिया बिरसमनी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।इसके अलावा बसंती देवी, फुलवती कुमारी, मिली देवी, राजश्री देवी, सिमी देवी, असरीता देवी, रेखा देवी, बिरसमुनी देवी, खुशबू देवी, राजेंद्र उरांव, हरी साहू, अजय साहू, दीपक साहू, अमित कुमार, जनक साहू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के अंत में प्रवासी प्रभारी नंदलाल साहू ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और पार्टी पदाधिकारियों का आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।