झारखंड में बारिश का कहर, नदियां उफान पर, जमशेदपुर-पलामू में बाढ़ का खतरा, 11 जिलों में अलर्ट
रांची: झारखंड में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदी के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा है, जबकि पलामू में कोयल नदी भी उफान पर है। मेदिनीनगर के कई निचले इलाकों में नदी का पानी घुसने से सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के कारण जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। गालूडीह बैराज, चांडिल डैम और गांजिया बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण नदी किनारे बसे इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गालूडीह बैराज के आठ गेट और गांजिया बैराज के सभी 13 गेट खोले गए हैं, जबकि चांडिल डैम के नौ गेटों से भी पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। पलामू में लगातार बारिश और आसपास के जिलों से आ रहे पानी के कारण कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मेदिनीनगर के कांदू मोहल्ला, गिरवर स्कूल रोड, शिवाला घाट, मुस्लिम नगर, पहाड़ी मोहल्ला और गम्हाल रोड जैसे निचले इलाकों में पानी घुस गया है। कई घरों में घुटनों तक पानी पहुंचने की सूचना है। कोयल रिवर फ्रंट भी जलमग्न हो गया है। नदी में चल रहा पुल निर्माण भी प्रभावित हुआ है और निर्माण कार्य में लगी कुछ मशीनों के तेज बहाव में बहने की जानकारी सामने आई है। पलामू टाइगर रिजर्व के आसपास स्थित केचकी संगम में भी बाढ़ का असर देखने को मिला है। पानी भरने के कारण इको रिट्रीट और रेस्ट हाउस प्रभावित हुए हैं और पर्यटकों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में माइकिंग कर लोगों को नदी, घाट और तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा टीमों और गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। रामगढ़ में भी लगातार बारिश के बाद दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, पुल-पुलिया और तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से बचें। लगातार बारिश का असर राजधानी रांची के आसपास भी दिखाई दे रहा है। चान्हो के सिलागाई में बारिश के बीच शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा गिर गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के कारण प्रतिमा के आसपास की जमीन कमजोर हो गई थी। मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में ऑरेंज अलर्ट, जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो में येलो अलर्ट बताया गया है। राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नदी और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करना और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचना जरूरी है।जमशेदपुर में स्वर्णरेखा-खरकई का जलस्तर बढ़ा
पलामू में कोयल नदी उफान पर, घरों में घुसा पानी
केचकी संगम में भी बाढ़ का असर
रामगढ़ में दामोदर नदी को लेकर अलर्ट
चान्हो में वीर बुधु भगत की प्रतिमा गिरी
11 जिलों में अलर्ट














