पश्चिमी सिंहभूम: जिले के किरीबुरू थाना परिसर से फरार हुए चोरी के आरोपी अफताब खान उर्फ टेंगर को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथकड़ी में बंधी रस्सी का कटा हुआ हिस्सा और करीब ढाई फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सब्बल का इस्तेमाल चोरी की अन्य घटनाओं में किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी से पूछताछ कर पुलिस उसके संभावित साथियों और क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाने लाया गया था

बताया गया कि 29 सितंबर को चोरी के मामलों में पूछताछ के लिए अफताब खान को किरीबुरू थाना लाया गया था। गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान उसके हाथ में हथकड़ी लगाई गई थी और सुरक्षा के लिए रस्सी भी बांधी गई थी।

पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद अफताब पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और तलाश अभियान चलाया।

पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद करीब 72 घंटे के भीतर अफताब खान को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

निशानदेही पर कटा रस्सा और सब्बल बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हथकड़ी से जुड़ा कटा हुआ रस्सा और करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान इन सामानों का इस्तेमाल किस तरह किया गया और क्या सब्बल का संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से है।

सेल अधिकारी के घर चोरी मामले में भी नाम सामने आया था

पुलिस के अनुसार, अफताब खान का नाम सेल अधिकारी राहुल यादव के आवास में हुई चोरी के मामले में भी सामने आया था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।