कतरास में कोयला परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 हाइवा जब्त: वजन में गड़बड़ी का आरोप
बाघमारा: कतरास-बाघमारा कोयलांचल में कोयला परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। कतरास पुलिस ने ईस्ट कतरास स्थित STG DEKO साइडिंग से निकल रहे कोयला लदे पांच हाइवा को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वाहनों में लदे कोयले के वजन और दस्तावेजों में गड़बड़ी की आशंका के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर की देर रात सूचना मिली थी कि नियमों की अनदेखी कर कोयले का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भटमुड़ना मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस को कोयले के वजन और उससे संबंधित दस्तावेजों में गड़बड़ी की आशंका हुई। पुलिस का कहना है कि संबंधित साइडिंग का कांटा खराब होने के बावजूद चालान में कोयले का वजन दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने कोयला लदे पांचों हाइवा को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों में JH10AB 8807, JH10AP 5045, JH10AM 0193, JH02AQ 3277 और JH10BQ 4058 शामिल हैं। पुलिस के सेल्फ स्टेटमेंट के आधार पर विष्णु ट्रांसपोर्ट कंपनी से जुड़े लोगों और संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों, कोयले की वैधता और पूरे परिवहन नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला सिर्फ वजन और दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी तक सीमित है या इसके पीछे कोयला परिवहन से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क भी है।















