रांची:  दिवाली का त्योहार हर घर में खुशियां और मिठास लेकर आए, इसके लिए झारखंड सरकार गरीब परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी में है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ऐलान किया है कि इस बार गरीबों को नियमित राशन के साथ कई अतिरिक्त खाद्य सामग्री भी देने की योजना है। इसमें चीनी, नमक, चना, सोयाबीन, चावल और दाल शामिल हैं। मंत्री के मुताबिक, सरकार की कोशिश है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी त्योहार पूरे उत्साह और खुशियों के साथ मना सकें।

राशन के साथ मिलेगी कई तरह की खाद्य सामग्री

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि दिवाली के अवसर पर गरीब परिवारों को राशन के साथ चीनी और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। सरकार चाहती है कि त्योहार के दौरान किसी गरीब परिवार के घर में खाने-पीने की कमी न रहे।

मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गरीबों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, उपलब्ध कराए जाने वाले सामान की मात्रा और वितरण की तारीख को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

राशन वितरण व्यवस्था पर मंत्री ने कही यह बात

मंत्री ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में विभाग को खाद्यान्न वितरण को लेकर एक भी शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने इसे विभाग की व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम बताया।

भाजपा शासित राज्यों पर भी साधा निशाना

इस दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा शासित राज्यों पर राजनीतिक टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि वहां दिवाली की मिठास छीन ली गई है और लोगों के मुंह से मिठाई गायब हो गई है। इसके विपरीत झारखंड में गरीबों को मेवा खिलाने और पुआ बनाने की बात कहते हुए उन्होंने सरकार की योजना को त्योहार की खुशियों से जोड़ा।

स्पेशल रेपोर्ट्स