900 करोड़ के लोन मामले में बंद कोहिनूर स्टील प्लांट पर ED की दबिश, आठ घंटे तक चली जांच
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के बंसा स्थित खूंचीडीह में बंद पड़े कोहिनूर स्टील प्लांट में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पहुंची ईडी की टीम ने आठ घंटे तक परिसर में छापेमारी कर जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, लेकिन आरोप है कि प्रस्तावित पावर प्लांट स्थापित नहीं किया गया। इसी शिकायत के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की। हालांकि, जांच के दौरान क्या-क्या साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।















