पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस के सिदिरसाई स्टेशन पर ठहराव की मांग, DRM को सौंपा ज्ञापन
पोटका: पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस ट्रेन का सिदिरसाई स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को रेलवे हॉल्ट निर्माण समिति, सिदिरसाई के प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया को ज्ञापन सौंपकर ट्रेन का ठहराव शुरू करने की मांग की। इस दौरान समिति ने क्षेत्र के यात्रियों को होने वाली परेशानियों से रेल प्रशासन को अवगत कराया। समिति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सिदिरसाई स्टेशन से आसपास के 25 से 30 आदिवासी बहुल गांवों के 100 से अधिक यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं। क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीणों की आजीविका सब्जी, बांस की टोकरी और अन्य छोटे-मोटे कारोबार पर निर्भर है। ऐसे में पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस की प्रस्तावित समय-सारणी में सिदिरसाई स्टेशन को शामिल नहीं किए जाने से ग्रामीणों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। समिति ने कहा कि टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर पोटका क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्टेशन हलुदपुखर और सिदिरसाई में फिलहाल किसी भी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की रेल यात्रा करने में काफी परेशानी होती है। यदि पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस का ठहराव सिदिरसाई में शुरू होता है, तो स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ धाम जाने में सुविधा होगी। ज्ञापन के साथ मुखिया, उपमुखिया और जिला परिषद सदस्य के अनुशंसा पत्र भी संलग्न किए गए। इसके अलावा 200 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के माध्यम से भी मांग का समर्थन किया गया। समिति ने नई ट्रेन के संचालन की घोषणा पर राष्ट्रपति, रेल मंत्रालय, स्थानीय सांसद और रेल अधिकारियों के प्रति आभार जताया। इस मांग को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो को भी ज्ञापन सौंपा गया है। मौके पर रेलवे हॉल्ट निर्माण समिति के अध्यक्ष रामेश्वर पात्र, सूरज साव, हरेलाल गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।















