रांची: राजधानी रांची में 47 दिनों से बंद पड़े जयपाल सिंह स्टेडियम का ताला सोमवार को आखिरकार खोल दिया गया। स्टेडियम खुलने से मॉर्निंग वॉकरों और आसपास के स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने मॉर्निंग वॉकरों की मौजूदगी में स्टेडियम का गेट खोला। इसके बाद उन्होंने मॉर्निंग वॉकरों के साथ पूरे स्टेडियम परिसर का भ्रमण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया।

स्टेडियम का गेट खुलते ही मॉर्निंग वॉकरों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लंबे समय से स्टेडियम में सुबह की सैर और व्यायाम नहीं कर पाने वाले लोगों ने स्टेडियम खुलने को राहत भरा कदम बताया। लोगों का कहना है कि जयपाल सिंह स्टेडियम उनके लिए सुबह टहलने और नियमित व्यायाम करने का प्रमुख स्थान है। लंबे समय तक स्टेडियम बंद रहने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही थी।

लोगों की परेशानी को देखते हुए खोला गया स्टेडियम

मौके पर मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि जयपाल सिंह स्टेडियम लंबे समय से बंद था, जिसके कारण आसपास रहने वाले लोगों को मॉर्निंग वॉक करने में काफी परेशानी हो रही थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए स्टेडियम को दोबारा खोल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग नियमित रूप से स्टेडियम का इस्तेमाल मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए करते हैं। स्टेडियम खुलने से अब लोगों को अपनी नियमित दिनचर्या फिर से शुरू करने में सुविधा होगी।

छात्रों के आंदोलन के बाद लगा था ताला

दरअसल, जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम में 26 दिनों तक आंदोलन किया था। आंदोलन समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से स्टेडियम परिसर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई थी। इसके बाद नगर निगम ने स्टेडियम के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया था।

लगातार कई दिनों तक स्टेडियम बंद रहने के कारण मॉर्निंग वॉकरों के साथ आसपास के स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सुबह टहलने और व्यायाम करने के लिए स्टेडियम पहुंचने वाले लोगों को दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा था।

29 सितंबर को उठाया गया था लोगों की परेशानी का मुद्दा

स्टेडियम बंद रहने से मॉर्निंग वॉकरों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को लेकर 29 सितंबर को प्रभात खबर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर के जरिए स्टेडियम बंद होने से लोगों की प्रभावित हो रही दिनचर्या और उनकी परेशानी को सामने लाया गया था।

खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को मेयर रोशनी खलखो खुद जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचीं और मॉर्निंग वॉकरों की मौजूदगी में स्टेडियम का गेट खुलवाया। इसके बाद उन्होंने स्टेडियम परिसर का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

47 दिन बाद फिर लौटेगी सुबह की रौनक

स्टेडियम का ताला खुलने के साथ ही 47 दिनों से बंद पड़े परिसर में एक बार फिर सुबह की रौनक लौट आई। स्टेडियम खुलने के बाद मॉर्निंग वॉकरों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से स्टेडियम खुलने का इंतजार कर रहे लोगों ने उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने पर खुशी जताई।

मॉर्निंग वॉकरों का कहना है कि स्टेडियम खुलने से अब उन्हें नियमित रूप से सुबह टहलने और व्यायाम करने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। लंबे समय से बंद पड़े स्टेडियम का गेट खुलने के बाद स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।