जामताड़ा वृद्धाश्रम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग ज्ञापन
जामताड़ा, 3 अक्टूबर 2026: वृद्धाश्रम जामताड़ा में रह रहे
बुजुर्गों की समस्याओं को लेकर आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा की जिला विकास
समिति के सदस्य विजय भगत ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवेदन
पत्र सौंपकर बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से
विजय भगत ने बताया कि वृद्धाश्रम परिसर में फिलहाल रोशनी की भारी कमी है। आश्रम
में पूर्व में लगाई गई हैलोजन लाइटें खराब हो चुकी हैं,
जबकि उनकी बिजली के तार भी चोरी हो गए
हैं। इसके कारण रात के समय पूरा परिसर अंधेरे में डूबा रहता है। रोशनी की पर्याप्त
व्यवस्था नहीं होने से आश्रम में रह रहे बुजुर्ग महिला और पुरुषों को रात में
आवागमन करने के साथ-साथ दैनिक कार्यों को पूरा करने में काफी कठिनाइयों का सामना
करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई
है। विजय भगत ने जिला
समाज कल्याण पदाधिकारी से वृद्धाश्रम परिसर में नई लाइटें लगाने, बिजली के तारों की अविलंब मरम्मत कराने
और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को
देखते हुए संबंधित पदाधिकारी ने समस्या पर संज्ञान लेते हुए वृद्धाश्रम की बिजली
व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। इससे आश्रम में रह
रहे बुजुर्गों को रात के समय आवागमन और दैनिक गतिविधियों में राहत मिलने की उम्मीद
है।















