पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.660 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पलामू: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छतरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुल 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अवैध अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में छतरपुर थाना पुलिस और सशस्त्र बल की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करमा चराई रोड, पथलगढ़ा के पास छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। मध्य रात्रि में एक मोटरसाइकिल तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रंजन रजक (36), पिता शिवनंदन रजक, ग्राम डुमरिया, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार बताया। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल संख्या BR02BG-8511 की डिक्की की तलाशी लेने पर दो काले प्लास्टिक में कुल 2.660 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, रंजन रजक से प्रारंभिक पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद (60) के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मिट्टी के घर के एक कमरे से 7 किलोग्राम अफीम बरामद होने का दावा पुलिस ने किया। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 9.660 किलोग्राम अफीम बरामद कर जब्त और सील की गई। मामले में छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 के तहत धारा 18(b)/25/29 NDPS Act में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब बरामद अफीम के स्रोत और गंतव्य के साथ-साथ कथित अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी और अनुसंधान जारी है।














