चतरा:  उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के बरवा टोला, पोस्तिया गांव में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। यह कार्रवाई अनिल यादव के घर में की गई, जहां कथित तौर पर स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी।तैयार शराब को ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलों में भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाने के बाद बिहार के बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

उत्पाद विभाग के अनुसार, इसी स्थान पर 16 अप्रैल 2026 को भी छापेमारी कर अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया था। उस कार्रवाई में 600 लीटर से अधिक शराब बरामद हुई थी। मामले में अनिल यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

600 बोतल शराब और कार जब्त

  • बोतलबंद विदेशी शराब: 600 बोतल, कुल 227.250 लीटर
  • स्पिरिट: 30 लीटर
  • मारुति स्विफ्ट कार: 1

एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

छापेमारी के दौरान मामले में संलिप्त बताए जा रहे राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी अनिल यादव मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग की ओर से छापेमारी की जा रही है।

झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है।अधीक्षक उत्पाद, चतरा ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। आगामी गणेश पूजा और करमा पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह सघन छापेमारी जारी रहेगी।

छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई में अभिषेक आनंद, अवर निरीक्षक उत्पाद, उत्पाद आरक्षी, गृहरक्षक बल, महिला गृह रक्षक समेत अन्य संबंधित कर्मी शामिल रहे।