लगातार गोलीबारी से चिंतित होटल संचालक, प्रशासन पर जताया भरोसा
हजारीबाग: जिले में होटल और कारोबारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हो रही फायरिंग की घटनाओं के बीच होटल AK इंटरनेशनल के संचालक कुमार उज्ज्वल का बयान सामने आया है। चौपारण के सरदारपुर स्थित होटल के बाहर हुई गोलीबारी के बाद उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर भरोसा जताया है। उनका कहना है कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी। कुमार उज्ज्वल ने कहा कि इससे पहले हजारीबाग शहर स्थित होटल AK इंटरनेशनल में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस कार्रवाई से वे संतुष्ट थे। चौपारण की ताजा घटना को लेकर भी उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि भी जिले में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त हेमंत सती पर भी विश्वास जताते हुए उम्मीद जाहिर की कि प्रशासन जल्द इस समस्या का समाधान करेगा। घटना के बारे में कुमार उज्ज्वल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजकर 51 मिनट पर फायरिंग हुई थी। उन्हें सूचना मिली थी कि छह से सात राउंड गोलियां चलाई गई हैं। उनके मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। इसलिए फायरिंग में चली गोलियों की वास्तविक संख्या की पुष्टि वहां मौजूद लोग ही बेहतर तरीके से कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कुमार उज्ज्वल ने कहा कि जिले में फायरिंग की घटनाएं केवल चौपारण तक सीमित नहीं हैं। इससे पहले बरही के होटल AK पैलेस, हजारीबाग शहर स्थित होटल AK इंटरनेशनल और केरेडारी में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत हैं। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस की कार्रवाई और सामूहिक प्रयासों से जिले में गोलीबारी और धमकी की घटनाओं का सिलसिला जल्द समाप्त होगा।CCTV में कैद हुई फायरिंग की घटना
बरही और केरेडारी की घटनाओं का भी किया जिक्र














