चतरा: अवैध अफीम की खेती के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नोसोदाग जंगल से एक ट्रैक्टर और 500 ग्राम पोस्ता दाना जब्त किया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने जंगल में छापेमारी कर करीब एक एकड़ वन भूमि पर अफीम की खेती की तैयारी और बुआई किए जाने का मामला उजागर किया। इस दौरान खेती में संलिप्त होने के संदेह में पसांगम निवासी राजेश गंझू फरार हो गया।

शुक्रवार को सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नोसोदाग जंगल में वन भूमि पर ट्रैक्टर से जमीन की जुताई कर अवैध रूप से पोस्ता की बुआई की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल छापेमारी की। मौके पर जांच के दौरान करीब एक एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की तैयारी और बुआई किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने वहां से ट्रैक्टर और 500 ग्राम पोस्ता दाना जब्त किया। वहीं, कार्रवाई के दौरान राजेश गंझू जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

NDPS एक्ट और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसडीपीओ के अनुसार, इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार व्यक्ति की तलाश करने के साथ ही इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

ऑपरेशन क्लीन के तहत जारी रहेगा अभियान

एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन के तहत अफीम माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध खेती कराने और इसमें संलिप्त सभी लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।