जामताड़ा: शहर के प्रतिष्ठित हीलिंग हैंड्स फिजियोथैरेपी सेंटर ने सफलतापूर्वक अपने पाँच वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष निःशुल्क फिजियोथैरेपी सेवा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक जिले के 46 मरीजों को लाभ मिल चुका है। सेंटर प्रबंधन ने बताया कि यह विशेष सेवा 15 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज इसका लाभ उठा सकें।
पाँच वर्षों से दे रहा आधुनिक फिजियोथैरेपी सेवाएं
सेंटर पिछले पाँच वर्षों से जामताड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण फिजियोथैरेपी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। यहां लकवा (पैरालिसिस), साइटिका, गठिया (आर्थराइटिस), कमर दर्द, गर्दन दर्द, कंधे एवं जोड़ों के पुराने दर्द सहित विभिन्न न्यूरोलॉजिकल और ऑर्थोपेडिक समस्याओं का वैज्ञानिक पद्धति से उपचार किया जाता है।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए भी उपलब्ध सुविधाएं
संस्थान में सेरेब्रल पाल्सी (CP) से प्रभावित बच्चों, चलने-फिरने में असमर्थ बच्चों, बोलने में कठिनाई वाले बच्चों तथा अन्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए फिजियोथैरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) की विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं।
वृद्धजनों को मिल रही निःशुल्क फिजियोथैरेपी
अभियान के तहत वृद्धजनों को निःशुल्क फिजियोथैरेपी सेवा प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें दर्द से राहत, बेहतर शारीरिक क्षमता और आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता मिल रही है।
'स्वस्थ और दर्दमुक्त जीवन देना हमारा उद्देश्य'
सेंटर के निदेशक डॉ. भास्कर चांद (पीटी) ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और दर्दमुक्त जीवन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि पांचवीं वर्षगांठ पर शुरू किए गए इस सेवा अभियान को लोगों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है और भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
लाभुकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान लाभान्वित मरीजों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
अभियान को सफल बनाने में फिजियो टीम के सदस्य राज, आर्यन, खुशबू, सोमनाथ, अमर, शिवलाल और ममता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. भास्कर चांद ने जिले के जरूरतमंद मरीजों से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे इस निःशुल्क सेवा अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।














