बुढ़वा महादेव, गाड़ीखाना और बंशीलाल चौक को जोड़कर बनाया गया नया ट्रैफिक रूट: ऑटो चालकों को चेतावनी, अस्पताल के पास होगी पार्किंग
हजारीबाग: शहर में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने नई पहल की है। शनिवार से शहर के तीन प्रमुख चौकों पर वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया। इसके तहत बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक को जोड़कर नया यातायात रूट तैयार किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बदलाव से इन इलाकों में वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा। सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत बुढ़वा महादेव चौक से आने वाले वाहन अब सीधे बंशीलाल चौक नहीं जा सकेंगे। उन्हें पहले गाड़ीखाना चौक और फिर बंशीलाल चौक होकर आगे जाना होगा। वहीं, झंडा चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों को बंशीलाल चौक से बाएं मुड़कर गाड़ीखाना और बुढ़वा महादेव चौक होते हुए पुराने बस स्टैंड की ओर जाना होगा। महापौर अरविंद राणा ने बताया कि फिलहाल वन-वे व्यवस्था को परीक्षण के तौर पर लागू किया गया है। इसके परिणामों की समीक्षा की जाएगी। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो शहर के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को हटाकर अस्पताल के पास तैयार की गई पार्किंग में लगवाया जाएगा, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने। यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी न चढ़ाएं और न उतारें। बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की अपील की है।सफल रहा ट्रायल तो दूसरे इलाकों में भी लागू होगी व्यवस्था
ऑटो चालकों को चेतावनी, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई















