पूर्वी सिंहभूम पोटका: हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज की शिकायत के बाद शनिवार को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), प्रधान न्यायपीठ, नई दिल्ली के निर्देश पर गठित टीम ने हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया। टीम ने रेलवे साइडिंग और आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति का जायजा लिया।

जिला अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी की अध्यक्षता में गठित जांच टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह, रेलवे के एसीएम आशुतोष कुमार सिंह, सीनियर इंचार्ज संतोष प्रसाद, मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार और अंचल अधिकारी निकीता बाला शामिल थीं।

मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने वर्ष 2022 में रेलवे साइडिंग शुरू होने के बाद क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ने की शिकायत NGT से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कोयला चूर्ण उड़ने से आसपास के पेड़-पौधों और कृषि को नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा चार विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों और हजारों ग्रामीणों को परेशानी होने की बात कही गई थी।

शिकायत में रेलवे साइडिंग और धर्मकांटा के कारण सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि तथा आसपास के तालाब, कुआं और अन्य जलस्रोतों के प्रदूषित होने का आरोप भी लगाया गया था। साथ ही पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।

जांच टीम के अध्यक्ष एडीसी अनुराग तिवारी ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैली रेलवे साइडिंग का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने साइडिंग से प्रदूषण फैलने की स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद एडीसी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी को प्रदूषण से संबंधित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं, अंचल अधिकारी निकीता बाला को रेलवे साइडिंग से आसपास के चार विद्यालयों की वास्तविक दूरी की रिपोर्ट देने को कहा गया।

रेलवे अधिकारियों को साइडिंग के प्रस्ताव से संबंधित रिपोर्ट और संबंधित कंपनी के पदाधिकारी को प्रदूषण रोकने के लिए प्रस्तावित उपायों की रिपोर्ट जल्द जिला समाहरणालय में जमा करने का निर्देश दिया गया।

एडीसी अनुराग तिवारी ने बताया कि मुखिया की शिकायत के आलोक में NGT ने जांच का जिम्मा जिला प्रशासन को सौंपा है। सभी संबंधित विभागों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसे NGT को सौंप दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता मुखिया देवी कुमारी भूमिज, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, भाजपा नेता गणेश कुमार सरदार, उत्पल बोस, पोल्टू मंडल, ग्राम प्रधान मो. असलम, हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन मास्टर मणिकांत कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।