गुमला: ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ (VB-G RAM G) के प्रभावी और सुचारू क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को गुमला में जिला स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रखंड स्तर पर दक्ष मास्टर ट्रेनर तैयार कर योजना की जानकारी और प्रावधानों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
डीडीसी अनिमेष रंजन ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, गुमला अनिमेष रंजन ने किया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए तकनीकी और प्रक्रियात्मक जानकारी का सही तरीके से हस्तांतरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर अपने-अपने प्रखंडों में संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे और योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
BPO, AE, JE और कंप्यूटर असिस्टेंट ने लिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंडों से BPO, AE, JE, कंप्यूटर असिस्टेंट समेत संबंधित कर्मियों ने प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में हिस्सा लिया।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में इरफान आरिफ, सहायक परियोजना पदाधिकारी, दिवाकर केशरी, सहायक अभियंता और अजीत, प्रदान ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
योजना के तकनीकी पहलुओं और अभिलेख संधारण की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को VB-G RAM G के विभिन्न प्रावधानों, कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा अभिलेखों के सही संधारण, प्रक्रिया और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद प्रखंड स्तर के मास्टर ट्रेनर संबंधित कर्मियों को आगे प्रशिक्षित करेंगे, जिससे योजना के क्रियान्वयन में एकरूपता बनी रहे।
पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उद्देश्य
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन तैयार करना है, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को संबंधित प्रखंडों में साझा कर योजना को बेहतर तरीके से लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।














