झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुगांव गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय देवराज उरांव के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई  जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  देवराज उरांव रविवार दोपहर अपने खेत में धान का बिचड़ा छिटने गए थे। खेत का काम पूरा करने के बाद जब वह घर लौटने की तैयारी कर रहे थे  तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई। वज्रपात इतना तेज था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे  लेकिन तब तक देवराज उरांव दम तोड़ चुके थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार  देवराज उरांव अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा  राहत राशि तथा अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।