गुमला:  17 अक्टूबर 2026 दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने शनिवार को गुमला शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पुराना बस डिपो, दुंदरिया, भारतीय नवयुवक संघ, गुमला, श्री बड़ा दुर्गा मंदिर और दुर्गाबाड़ी स्थित पूजा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने पंडालों में श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने सुरक्षा और सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित रखें।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, नगर परिषद के पदाधिकारी, गुमला थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।