हेमा मालिनी के जन्मदिन पर सायरा बानो ने लुटाया प्यार, पुरानी तस्वीरें शेयर कर सुनाए दिलचस्प किस्से
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी के जन्मदिन के मौके पर अभिनेत्री सायरा बानो ने खास अंदाज में उन्हें शुभकामनाएं दीं। सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर हेमा मालिनी के साथ कई पुरानी तस्वीरें साझा कीं और एक भावुक नोट लिखकर उनसे जुड़ी यादें ताजा कीं। उनके इस पोस्ट में दोस्ती, पुराने रिश्तों और बीते खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिली। सायरा बानो की ओर से साझा की गई तस्वीरों में दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार, हेमा मालिनी और खुद सायरा बानो नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में हेमा मालिनी के साथ रेखा और सायरा बानो दिखाई दे रही हैं। बाकी तस्वीरों में दोनों अभिनेत्रियों की साथ बिताए पलों की झलक है। हेमा मालिनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए सायरा बानो ने लिखा कि उनके जन्मदिन पर संदेश लिखते हुए दिल उन खूबसूरत यादों से भर गया है, जो दोनों ने वर्षों के दौरान साथ बनाई हैं। सायरा बानो ने इस मौके पर धर्मेंद्र को भी याद किया। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र हेमा मालिनी की जिंदगी के कई खूबसूरत पलों का अहम हिस्सा रहे हैं। सायरा के मुताबिक, इस बार हेमा का जन्मदिन कुछ अलग महसूस हो सकता है, लेकिन जीवनभर का प्यार और यादें हमेशा साथ रहती हैं। अपने संदेश में सायरा बानो ने हेमा मालिनी के हंसमुख और जिंदादिल स्वभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार हेमा अपने एक अंकल के साथ उनके घर आई थीं। उस दौरान हेमा के अंकल सामने लगे बड़े पारदर्शी कांच के दरवाजे को देख नहीं पाए और उससे टकरा गए। टक्कर से दरवाजा टूटकर गिर पड़ा। इस घटना से वहां मौजूद सभी लोग घबरा गए, लेकिन हेमा मालिनी जोर-जोर से हंसने लगीं। उनकी हंसी देखकर कुछ ही देर में बाकी लोग भी हंसने लगे। सायरा बानो ने इस घटना को याद करते हुए हेमा मालिनी के सहज और खुशमिजाज व्यक्तित्व की झलक पेश की। उनके इस पोस्ट ने दोनों अभिनेत्रियों के बीच लंबे समय से चले आ रहे आत्मीय संबंधों और पुरानी यादों को फिर चर्चा में ला दिया।हेमा के लिए सायरा बानो का भावुक संदेश
पुराना किस्सा याद कर हंस पड़ीं सायरा














