जामताड़ा में दीवार गिरने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत
जामताड़ा: जिले में लगातार हो
रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी
गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण
कमजोर हुई ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो
गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।मृतका की पहचान पन्दनी गांव
निवासी शंकर राय की करीब 25 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे लीलावती देवी और उनके पति शंकर राय अपने कमरे में सो रहे
थे। इसी दौरान घर से सटी एक कमजोर ईंट की दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज
आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने
काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दंपति को बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर होने
के कारण उन्हें तत्काल नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर
स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। परिजन
घायल दंपति को लेकर धनबाद के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में लीलावती देवी की हालत
अचानक और बिगड़ गई। धनबाद
पहुंचने के बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद लीलावती
देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति शंकर राय का इलाज जारी है। घटना
की जानकारी के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने लगातार बारिश के बीच जर्जर और कमजोर मकानों को लेकर चिंता जताई
है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण कई पुराने मकानों और दीवारों की
स्थिति कमजोर हो गई है, जिससे
कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस
दर्दनाक घटना ने बारिश के मौसम में जर्जर भवनों की सुरक्षा और ऐसे मकानों में रहने
वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन के सामने भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए
हैं।















