धनबाद: जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित बेकार बांध तालाब में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस और स्थानीय वार्ड पार्षद को दी गई।

सूचना मिलने पर सदर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान दुर्गा मंदिर, बेकार बांध निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

कल दोपहर से घर से थे लापता

जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार सिंह मंगलवार दोपहर से ही घर से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच बुधवार को स्थानीय लोगों की नजर बेकार बांध तालाब में तैरते शव पर पड़ी।

शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय वार्ड पार्षद अशोक पाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद उसे कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

अंडा और सब्जी की दुकान चलाते थे राकेश

वार्ड पार्षद अशोक पाल ने बताया कि राकेश कुमार सिंह के परिजन मंगलवार दोपहर से ही उनकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राकेश अंडा और सब्जी की दुकान चलाते थे।

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर परिजनों ने दी जानकारी

मृतक के चचेरे भाई वीर कुमार सिंह ने बताया कि राकेश की मानसिक स्थिति पिछले कई वर्षों से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार के अनुसार, वह करीब हर छह महीने में घर से इस तरह चले जाते थे।

स्पेशल रेपोर्ट्स