चतरा में टीएसपीसी एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू गिरफ्तार श्राद्ध कार्यक्रम
चतरा: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के सक्रिय एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू उर्फ मोछू उर्फ लखन गंझू को चतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वह अपने गांव पारामातु में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एरिया कमांडर लक्ष्मण गंझू श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव आने वाला है।सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने पारामातु गांव में छापेमारी कर लक्ष्मण गंझू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से फरार चल रहा था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी टीएसपीसी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। आरोप है कि वर्ष 2024 में सदर थाना क्षेत्र में अफीम विनष्टीकरण अभियान से लौट रहे पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर किए गए हमले की साजिश में भी वह शामिल था। इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए थे।पुलिस के अनुसार, उक्त मामले में लक्ष्मण गंझू की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण गंझू के खिलाफ वशिष्ठनगर थाना और सदर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।गिरफ्तारी अभियान में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुअनि विधायक प्रसाद यादव सहित लावालौंग थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों और उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।2024 में पुलिसकर्मियों पर हमले की साजिश का आरोप
आर्म्स एक्ट और UAPA समेत कई धाराओं में केस














