चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-33 पर झाबरी गांव के समीप सुबह करीब 4 बजे कोलकाता से रांची आ रही ‘ऊं शिवम’ नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बस कोलकाता से यात्रियों और लगेज को लेकर रांची की ओर जा रही थी। बस में कुल 25 यात्री सवार थे। झाबरी गांव के समीप पहुंचने के दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना में गिरिडीह निवासी सुखदेव दास समेत एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया।

हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज कराया गया। वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों को भी दुर्घटना के बाद काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में अन्य यात्री वैकल्पिक साधनों से अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

एनएच-33 पर यातायात प्रभावित

बस के सड़क पर पलट जाने के कारण एनएच-33 पर बड़ामटांड़ से झाबरी तक एक साइड की सड़क बंद हो गई। इससे इस मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने के लिए हाईड्रा और क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।

पुलिस ने बस जब्त की

घटना के बाद चौका पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ‘ऊं शिवम’ बस को जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारण एनएच-33 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बस हटाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।