पाकुड़: सावन की पहली सोमवारी पर अमड़ापाड़ा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रखंड क्षेत्र के डुमरचिर गांव स्थित शिव-पार्वती मंदिर, थाना परिसर स्थित बाबा बूढ़ानाथ शिव मंदिर तथा दुर्गा मंदिर चौक स्थित बाबा घाघेश्वरनाथ शिव-पार्वती मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

महिलाओं ने रखा व्रत, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

पहली सोमवारी के अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने उपवास रखकर शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल, फूल, अक्षत, रोली, चंदन और अबीर अर्पित किए। जलार्पण से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मंत्रोच्चारण कर भगवान शिव के पूजन का संकल्प लिया।

पूजा-अर्चना के बाद महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्गों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के समक्ष परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भक्तिमय माहौल में गूंजे शिव भजन

सावन की पहली सोमवारी को लेकर सभी मंदिरों को फूल-मालाओं और पताकाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसरों में लाउडस्पीकर पर बज रहे शिव भजनों और महिमा गीतों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

पूजा समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की थी, जिससे जलाभिषेक और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।