पटेल विचार मंच की पहल पर पांच वर्षों से हो रहा आयोजन, बिना राजनीतिक नारेबाजी के सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया जाता है कार्यक्रम
आदित्यपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को आदित्यपुर गोलचक्कर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर पटेल स्मारक समिति और पटेल विचार मंच की ओर से तैयारियां की गई हैं। पटेल स्मारक समिति के उपाध्यक्ष अशोक मंडल ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से पटेल विचार मंच की ओर से आदित्यपुर गोलचक्कर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की खासियत यह है कि इसमें किसी राजनीतिक दल की भागीदारी या राजनीतिक नारेबाजी नहीं होती। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सामाजिक एकता की भावना के साथ आयोजित किया जाता है। अशोक मंडल के अनुसार, इस अवसर पर विभिन्न समाजों के समाजसेवी और स्थानीय लोग एकजुट होकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। मंच का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और सामाजिक भाईचारे का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन और योगदान आज भी समाज को एकजुट रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।















