सरायकेला खरसावां तिरुलडीह अवैध बालू कार्रवाई
सरायकेला खरसावां तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू
उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए
हैं। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।शुक्रवार
को थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान ग्राम कारकीडीह से दो ट्रैक्टर पकड़े गए जिनमें करीब 200 CFT अवैध
बालू लदा हुआ था।पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख
लिया है। साथ ही मामले में विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और वाहन मालिकों
व अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि
अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने
स्पष्ट किया कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं
किया जाएगा।उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और
क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की
छापेमारी जारी रहेगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा
सके।















