धनबाद सिंह मेंशन परिसर सुबह से ही होली के रंग में रंगा नजर आया। ढोल नगाड़ों पारंपरिक फगुआ गीतों और लोक संगीत की धुन पर समर्थक झूमते रहे। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने महिला मंडली के साथ पारंपरिक अंदाज में होली खेली। उन्होंने महिलाओं के साथ फगुआ गीत गाए और सभी को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह भी समर्थकों के बीच पहुंचे और सभी के साथ मिलकर होली का आनंद लिया। समर्थकों ने उन्हें गुलाल लगाकर मेयर बनने की बधाई दी और जीत की खुशी में जमकर जश्न मनाया।संजीव सिंह के जेल से बाईज्जत बाहर आने के बाद यह पहला अवसर था जब पूरे परिवार और समर्थकों के साथ सिंह मेंशन में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। हाल ही में नगर निगम चुनाव में उनकी ऐतिहासिक जीत से समर्थकों में दोहरी खुशी देखने को मिली जिसने समारोह को और भी खास बना दिया।इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि होली प्रेम भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। उन्होंने धनबाद की जनता के साथ मिलकर होली मनाने की खुशी जाहिर की और शहर की उन्नति सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही सभी नगरवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि यह होली मिलन समारोह उनके परिवार और समर्थकों के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि साढ़े आठ वर्षों के बाद पूरा परिवार एक साथ इस पर्व की खुशियां मना रहा है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ शुभ हुआ है। साथ ही उन्होंने सभी से शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।समारोह के दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रंग गुलाल और लोकगीतों के बीच सिंह मेंशन एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। कुल मिलाकर यह होली मिलन समारोह लंबे समय बाद आयोजित एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन के रूप में देखा गया।