साहेबगंज शहर के मारवाड़ी ब्राह्मण छोटी धर्मशाला में अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर श्री परशुराम अखाड़ा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण पंचायत समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम के पूजन एवं ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों चौक बाजार पटेल चौक स्टेशन चौक कॉलेज रोड होते हुए पूर्वी फाटक तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जो अंततः आरएपी सेंटर पहुंचकर संपन्न हुई।शोभा यात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में फरसा और तलवार लेकर शामिल हुए। भगवान परशुराम का रूप धरे एक युवक विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।कार्यक्रम के दौरान एनआरपी सेंटर में सामाजिक गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके साथ ही प्रसाद वितरण और सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया।गोष्ठी में वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं। महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका के पुत्र परशुराम शस्त्र विद्या के महान ज्ञाता और शिवभक्त थे। उन्होंने अधर्म और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए धर्म की रक्षा का संदेश दिया।इस अवसर पर समाजसेवी गणेश तिवारी राजीव ओझा श्रीकांत ओझा अंकित पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।