पलामू जिले के पांकी अस्पताल वसूली कांड
पलामू जिले के पांकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC से
स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रसव कराने
आई महिलाओं और उनके परिजनों से अवैध रूप से पैसे मांगने के आरोप लगे हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।पीड़ित
परिवारों का कहना है कि अस्पताल में प्रसव के नाम पर अलग-अलग तरीकों से पैसे की
मांग की जाती है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर मरीजों को देर रात 2–3 बजे गंभीर स्थिति बताकर बड़े अस्पताल में रेफर करने का डर
दिखाया जाता है।सबसे गंभीर आरोप यह है कि जिन मरीजों को पहले कॉम्प्लेक्स केस बताकर रेफर करने की
बात कही जाती है उन्हीं का पैसे मिलने के बाद उसी अस्पताल में सामान्य प्रसव
करा दिया जाता है। इससे पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।अस्पताल
में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने भी बताया कि लगभग सभी से किसी न किसी
रूप में पैसे लिए जाते हैं। बिना पैसे दिए सही इलाज और देखभाल नहीं मिलने की
शिकायत भी सामने आई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध वसूली का खेल लंबे समय
से चल रहा ह लेकिन
शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। डर और सामाजिक दबाव के कारण कई
परिवार खुलकर सामने नहीं आ पाते।घटना के बाद क्षेत्र में भारी नाराजगी है। लोगों
ने मामले की उच्चस्तरीय जांच अस्पताल के CCTV फुटेज की जांच और दोषी कर्मियों पर कड़ी
कार्रवाई की मांग की है।सरकार की जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाओं के बावजूद यदि
सरकारी अस्पतालों में इस तरह की वसूली हो रही है तो यह पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर
सवाल खड़ा करता है।अब सबकी नजर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी है
कि क्या इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे या फिर यह मामला भी दबा दिया जाएगा।















