गढ़वा : पुलिस अधीक्षक गढ़वा श्री आशुतोष शेखर (भा.पु.से.) ने उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल (भा.प्र.से.) के साथ संयुक्त रूप से आगामी 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया.

इस दौरान गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय, S S J S नामधारी कॉलेज एवं गोविंद उच्च विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त कराने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया. उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए स्कॉर्ट के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया.

इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी, परीक्षार्थियों के लिए पेयजल व्यवस्था, केंद्र के आसपास पार्किंग और अभिभावकों के लिए उचित स्थान सुनिश्चित करने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया.

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को जल्द दूर करने और समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में आयोजित की जाएगी.