सरायकेला-खरसावां जिले में नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की पहली प्रेस वार्ता का पत्रकारों ने बहिष्कार कर दिया.

बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा पहली प्रेस वार्ता कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई थी, जिसके लिए पत्रकारों को दोपहर 1:00 बजे का समय दिया गया था. जिले के दर्जनों पत्रकार समय से पहले, करीब 12:45 बजे ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए थे.

लेकिन 42 डिग्री की भीषण गर्मी में पत्रकारों को लगभग एक घंटे तक कार्यालय कक्ष के बाहर खड़ा रहना पड़ा. इस दौरान ना तो बैठने की कोई व्यवस्था थी और ना ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई. इसके बावजूद पत्रकार खबर संकलन के उद्देश्य से वहीं इंतजार करते रहे.

लगातार इंतजार और अव्यवस्था से नाराज होकर पत्रकारों ने करीब एक घंटे बाद प्रेस वार्ता का बहिष्कार कर दिया और वहां से लौट गए.

पत्रकारों का कहना है कि जब पहली प्रेस वार्ता में ही इस तरह की स्थिति है, तो आगे की व्यवस्था कैसी होगी, इस पर सवाल उठना लाजिमी है. उन्होंने प्रशासन से मीडिया के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की है.