साहेबगंज पुरानी साहेबगंज गंगा घाट पर स्नान के दौरान डूबे 19 वर्षीय निशांत कुमार का शव करीब 30 घंटे बाद बरामद किया गया। निशांत बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के खजूर कर्मा गांव का निवासी था।घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा साहेबगंज और राजमहल के गोताखोरों की चार सदस्यीय टीम तथा गंगा थाना पुलिस को खोजबीन में लगाया गया। सदर एसडीओ अमर जॉन आइंद के नेतृत्व में मोटर बोट के जरिए कई घंटों तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।स्थानीय लोगों के अनुसार घटना स्थल पर गंगा की धारा उल्टी बह रही थी जिससे खोजबीन में काफी परेशानी हुई।आखिरकार करीब 30 घंटे बाद युवक का शव खुद ही गंगा में ऊपर आ गया जिसे एक मांझी ने देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक शव बहते हुए पुरानी साहेबगंज घाट तक पहुंच गया था।बाद में स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना पर रिवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।इस घटना के बाद एक बार फिर साहेबगंज में एनडीआरएफ यूनिट की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आती हैं लेकिन एनडीआरएफ की स्थायी यूनिट नहीं होने के कारण समय पर राहत कार्य में दिक्कत होती है।लोगों ने सरकार से जल्द साहेबगंज में एनडीआरएफ यूनिट स्थापित करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई हो सके।