धनबाद शहर के धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया रेलवे ओवरब्रिज के समीप कचरे के ढेर में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उससे उठता काला धुआँ पूरे इलाके में फैल गया और कुछ ही देर में आसमान धुएँ से भर गया जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल धनसार थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर आग लगी वह इलाका लंबे समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में डर के साथ साथ प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।स्थानीय निवासी मंटू चौहान ने बताया कि यह स्थान आए दिन नशेड़ियों की गतिविधियों का केंद्र बना रहता है। आशंका जताई जा रही है कि नशे के दौरान किसी ने जलती माचिस की तिल्ली कचरे में फेंक दी जिससे आग भड़क उठी। उन्होंने कहा कि पास में पेड़ होने के कारण आग आगे नहीं फैल सकी वरना बड़ा हादसा हो सकता था।गौरतलब है कि आग लगने की जगह के ठीक बगल में रेलवे लाइन और कुष्ठ आश्रम भी स्थित है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में नियमित सफाई व निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।