बासुकीनाथ धाम  देवघर प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बासुकीनाथ धाम में महाशिवरात्रि के अगले दिन पारंपरिक मर्यादा घूंघट रस्म का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर धाम परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।मर्यादा घूंघट रस्म के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशी साझा की। पूरे मंदिर परिसर में हरहर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। इसके पश्चात धूमधाम के साथ भव्य शिव आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा भोलेनाथ की आराधना की।भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से पूजा अर्चना कर बाबा बासुकीनाथ से सुख समृद्धि की कामना की।मर्यादा घूंघट रस्म और शिव आरती के आयोजन से बासुकीनाथ धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।