मधुपुर शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से शनिवार को नगर परिषद द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु के नेतृत्व में दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में चलाया गया।छापेमारी थाना रोड गांधी चौक हटिया रोड शांति निकेतन समेत विभिन्न व्यावसायिक इलाकों में की गई। इस दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक कैरी बैग और अन्य प्लास्टिक सामग्री का उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग किया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई और कपड़े या कागज के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद हानिकारक है। इससे नालियां जाम होती हैं जल निकासी बाधित होती है और शहर में गंदगी फैलती है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।अभियान में नगर परिषद के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।