गोड्डा अवैध बालू खनन पर विधायक का अल्टीमेटम
गोड्डा जिले के पथरगामा क्षेत्र स्थित
गेरूवा नदी घाटों पर पिछले छह महीनों से अवैध बालू खनन का खेल लगातार जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की नाक के नीचे अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा
है जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और इलाके में
जलस्तर तेजी से गिरता जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि अवैध बालू खनन के कारण
दर्जनों गांवों में पेयजल और सिंचाई का संकट उत्पन्न हो गया है। लोगों को रोजमर्रा
की जरूरतों के लिए पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।सबसे गंभीर बात यह है कि अवैध
बालू ढोने वाले तेज रफ्तार डंपरों की चपेट में आकर हर सप्ताह लोगों की जान जा रही
है लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की
जा रही है।इस मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रदीप यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए
प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी जिला प्रशासन और मुख्य
सचिव को इस मामले की जानकारी दे चुके हैं
लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं
हुई है।विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही अवैध खनन पर रोक नहीं लगी तो वे जनता के हक के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।














