जादूगोड़ा पोटका जोबला स्कूल पेयजल संकट
जादूगोड़ा पोटका गर्मी की शुरुआत के साथ
ही मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत माटीगोंडा पंचायत के कुलामारा गांव स्थित उत्क्रमित
मध्य विद्यालय जोबला में पेयजल संकट गहरा गया है।विद्यालय में लगे दोनों चापाकल
खराब पड़े हैं जिससे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा
है। बच्चे घंटों लाइन में लगकर स्कूल से करीब 300
मीटर दूर स्थित सोलर जल मीनार से पानी
लाकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं।विद्यालय के प्रभारी शिक्षक प्रकाश झा ने
बताया कि स्कूल में दो चापाकल हैं
लेकिन जलस्तर नीचे चले जाने के कारण
दोनों ही खराब हो चुके हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है क्योंकि उन्हें बार बार
पानी लाने के लिए स्कूल से बाहर जाना पड़ता है।मध्याह्न भोजन बनाने में भी समस्या
आ रही है, क्योंकि भोजन तैयार करने के लिए महिलाओं को दूर से पानी लाना
पड़ रहा है।प्रभारी ने बताया कि हर साल गर्मी के मौसम में जलस्तर गिरने से यही
समस्या उत्पन्न होती है लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।घने जंगलों के बीच
स्थित इस विद्यालय के बच्चों को कड़ी धूप में पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा
है जिससे उनकी सेहत और शिक्षा दोनों प्रभावित हो रही है।अब देखना
यह होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देता है और बच्चों को राहत
कब मिलती है।















