जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले में निजी स्कूलों द्वारा री एडमिशन के नाम पर कथित अवैध वसूली के खिलाफ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा JLKM और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष JLKM ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस कथित गोरखधंधे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हर साल नए सत्र की शुरुआत में निजी स्कूलों द्वारा री एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से भारी शुल्क वसूला जाता है। इससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।JLKM और अभिभावकों ने मांग की है कि सभी निजी विद्यालयों में शुल्क निर्धारण समिति Fee Committee का गठन किया जाए और अभिभावक-शिक्षक संघ PTA को अनिवार्य किया जाए। इसके अलावा शिक्षा का अधिकार अधिनियम RTE के तहत 25 प्रतिशत आरक्षण को सख्ती से लागू करने की भी मांग उठाई गई है।संगठन ने यह भी कहा कि RTE के तहत चयनित बच्चों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। साथ ही शुल्क वृद्धि को नियंत्रित करने और हर दो वर्ष में ही फीस बढ़ाने का नियम लागू करने की मांग की गई।अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।