हजारीबाग होली पर्व के मद्देनजर हजारीबाग जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। होली के दौरान जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सीएचसी में मरीजों को 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी सेवाओं में अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है।होली के दौरान रंगों के कारण आंखों और चेहरे पर एलर्जी चर्म रोग एवं नेत्र संबंधी समस्याएं सामने आती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी में चर्म रोग एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।इसके अलावा होली के दौरान मारपीट या सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर तत्काल परामर्श और उपचार की सुविधा दी जाएगी। हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल SBMCH के इमरजेंसी विभाग में भी 24 घंटे इलाज की व्यवस्था रहेगी।हजारीबाग के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने जानकारी दी कि जिला अस्पताल के साथ साथ सभी सीएचसी में भी डॉक्टरों की 24 घंटे मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार उच्च संस्थानों में रेफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से मरीजों को नि:शुल्क अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।सिविल सर्जन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली खुशियों का त्योहार है, इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा शराब और नशे से दूर रहें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।