बोकारो झारखंड मुक्ति मोर्चा JMM के बोकारो जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी पर उनकी पहली पत्नी गुलाबी देवी ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर गुलाबी देवी अपनी बेटी आरती कुमारी के साथ एसपी आवास पहुंचीं और मीडिया के सामने न्याय की गुहार लगाई।गुलाबी देवी ने बताया कि उनके पति ने 14 अप्रैल को दूसरी शादी की जबकि अभी तक उनका तलाक नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी से पहले उन्होंने एसपी कार्यालय और थाना में शिकायत की थी लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।पत्नी और बेटी का कहना है कि अब शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद सच्चाई उजागर हो गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोर्ट से तलाक का कोई फैसला नहीं आया है तो दूसरी शादी कैसे संभव है।गुलाबी देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके चरित्र पर सवाल उठाकर समाज में बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि 2019 से वे अलग रह रही हैं और उनके दो बेटियां और एक बेटा है जिनका भविष्य अब संकट में है।वहीं पहले जब इस मामले में आरोप लगे थे तब रतनलाल मांझी ने मीडिया के सामने दूसरी शादी से इनकार किया था। लेकिन अब तस्वीरें सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि इस विवाद में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है।