बोकारो में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। चास थाना क्षेत्र अंतर्गत मैन रोड महावीर चौक फलमंडी के पास स्थित होंडा शोरूम के सर्विस सेंटर गोदाम में दोपहर लगभग 1 बजे अचानक आग लग गई जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई।आग लगते ही सर्विस सेंटर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्यूशर और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सर्विस सेंटर प्रबंधन के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है जिससे आग लगने के कारणों का खुलासा हो सके।इस हादसे में गोदाम में खड़ी कई पुरानी गाड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े गोदाम के बावजूद फायर एनओसी नहीं लिया गया है जिसकी जांच की जाएगी।